प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इमलीखेड़ा में कांवड़ियों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं, मानवता की सेवा की बन रही मिसाल

कलियर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इमलीखेड़ा, रुड़की में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाईवे पर स्थित होने के कारण इस मार्ग से पंजाब, हरियाणा, यमुनानगर सहित विभिन्न राज्यों से गुजरने वाले हजारों कांवड़ियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़िये यहां पहुंचकर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं कांवड़ मेला प्रभारी डॉ. राव अकरम के नेतृत्व में पूरी टीम सेवा कार्य में दिन-रात जुटी हुई है। वहीं फार्मेसी अधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का संचालन पूरी तत्परता एवं सेवा भाव से किया जा रहा है। कांवड़ियों के लिए दवाइयों, प्राथमिक उपचार सहित सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

स्वास्थ्य केंद्र में तीनों शिफ्टों में डॉक्टर, फार्मेसी अधिकारी, नर्सिंग अधिकारी, वार्ड बॉय, पीआरडी जवान एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत उपचार मिल सके। फार्मेसी अधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि भगवान शिव के भक्त कांवड़ियों की सेवा करने का अवसर वर्ष में एक बार मिलता है और यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि “मानवता की सेवा ही सर्वोपरि सेवा है और शिवभक्तों की सेवा करना हमारे लिए गर्व एवं पुण्य का कार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *