उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, यूकेएसएसएससी ने विभिन्न विभागों में वर्दीधारी सिपाही (समूह-ग) के 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ
देहरादून । उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में वर्दीधारी सिपाही (समूह-ग) के 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
आयोग ने मंगलवार को भर्ती की अधिसूचना जारी करते हुए योग्य अभ्यर्थियों से आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होगी और 25 दिसंबर 2026 तक चलेगी।
भर्ती में उत्तराखंड आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 464, पीएसी-आइआरबी के 284, जनपदीय पुलिस (महिला) के 238 और फायरमैन के 201 पद शामिल हैं। इसके अलावा वन आरक्षी के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर चयन किया जाएगा।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर 28 से 30 दिसंबर तक मिलेगा। अभ्यर्थियों को हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड की प्रति व लागू आरक्षण श्रेणी और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाणपत्र भी अपलोड करने होंगे। लिखित परीक्षा चार अप्रैल 2027 को प्रस्तावित है।























