भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर की ओर से बीडी इंटर कॉलेज भगवानपुर में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन

भगवानपुर। भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर की ओर से मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को बीडी इंटर कॉलेज भगवानपुर, हरिद्वार में बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी।

बालिकाओं को संबोधित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के मुख की कोशिकाओं में होने वाला कैंसर है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी वायरस है। उन्होंने कहा कि इससे बचाव के लिए धूम्रपान से बचना, शारीरिक स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना, संतुलित आहार लेना तथा एचपीवी वैक्सीन लगवाना महत्वपूर्ण है।

डॉ. मेघा ने बताया कि माहवारी के दौरान असामान्य रक्तस्राव, योनि में दर्द तथा सफेद दुर्गंधयुक्त पानी आना जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल महिला रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर के बाल रोग चिकित्सक डॉ. अभिलाष धारीवाल ने बताया कि भारत एवं उत्तराखंड सरकार की ओर से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से निशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं भारत विकास परिषद के प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने बताया कि विद्यालय में 14 से 15 वर्ष की लगभग 120 छात्राएं हैं, जिन्हें एचपीवी वैक्सीन लगाई जानी है। छात्राओं के अभिभावकों की सहमति के बाद 15 सितंबर 2026 को विद्यालय में वैक्सीनेशन कराया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन कल्पना सैनी ने किया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उपेंद्र बगवाड़ी, राखी रानी, महिला संयोजिका निधि, ललिता, पारुल देवी, अनुदीप, रितु वर्मा, संगीता गुप्ता, अर्चना पाल, तनु, सारीन, संजय पाल, निखिल अग्रवाल, विजय त्यागी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *