उत्तराखंड के गठन के 25 साल बाद शूटिंग बॉल में पहली बार राष्ट्रीय पदक, महिला टीम ने रचा इतिहास

रुड़की । उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के बाद शूटिंग बॉल के क्षेत्र में प्रदेश को पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल हुआ है। प्रथम वेटरन राष्ट्रीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप में उत्तराखंड की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली उत्तराखंड की महिला टीम की यह उपलब्धि प्रदेश के शूटिंग बॉल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।

प्रतियोगिता का आयोजन 19 और 20 सितंबर को HRIT, गाजियाबाद में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन रिबन काटकर पूर्व राज्यसभा सांसद एवं इंटरनेशनल शूटिंग बॉल फेडरेशन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने किया। इस दौरान शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अंजुल अग्रवाल, एशियन शूटिंग बॉल फेडरेशन के महासचिव रविंद्र तोमर, कोषाध्यक्ष जे.पी. कदियन, शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के चेयरमैन एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय पाल तथा शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट ओ.पी. माचरा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जीतराज तोमर के युवा नेतृत्व की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की 10-10 टीमों ने प्रतिभाग किया।

उत्तराखंड ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किया पदक

महिला वर्ग में दिल्ली ने प्रथम, राजस्थान ने द्वितीय, जबकि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में दिल्ली प्रथम, हरियाणा द्वितीय तथा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।

उत्तराखंड महिला टीम की खास बात यह रही कि टीम ने पहली ही राष्ट्रीय वेटरन प्रतियोगिता में पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। राज्य गठन के 25 वर्षों के बाद शूटिंग बॉल में उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह पहला पदक खेल जगत के लिए विशेष उपलब्धि है।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज चौधरी रहे उत्तराखंड टीम के मैनेजर

उत्तराखंड टीम के मैनेजर अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल खिलाड़ी एवं वर्ल्ड कप रजत पदक विजेता सूरज चौधरी रहे। टीम के साथ उनके अनुभव और मार्गदर्शन ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने टीम की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में शूटिंग बॉल को आगे बढ़ाने के लिए युवा नेतृत्व लगातार मेहनत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्टेट और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा खिलाड़ियों को लगातार मार्गदर्शन मिलने से नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है।

सूरज चौधरी ने कोच गौरव बिष्ट को दिया सफलता का श्रेय

अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल खिलाड़ी एवं टीम मैनेजर सूरज चौधरी ने महिला टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम ने प्रतियोगिता से पहले लगातार अभ्यास किया और खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया।

सूरज चौधरी ने इस सफलता का श्रेय टीम के कोच गौरव बिष्ट के नेतृत्व और खिलाड़ियों की मेहनत को देते हुए उन्हें विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोच गौरव बिष्ट ने पूरी टीम को बेहतर तरीके से तैयार किया, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक के रूप में सामने आया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिला टीम का यह पदक प्रदेश में शूटिंग बॉल के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने टीम की सभी खिलाड़ियों, कोच, एसोसिएशन पदाधिकारियों तथा प्रतियोगिता के आयोजकों का आभार जताया।

इस अवसर पर टेक्निकल चेयरमैन रंजीत बिस्नोई, प्रतियोगिता के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अतुल तोमर सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी, तकनीकी अधिकारी, कोच और खिलाड़ी मौजूद रहे। उत्तराखंड महिला टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तराखंड ने पूरी टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *