कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों का मंडलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश
हरिद्वार। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने रविवार देर सायं को हरिद्वार भ्रमण के दौरान कुंभ मेला-2027 से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले एडमिन रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति एवं कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही चंडी चौक के समीप निर्माणाधीन बॉक्स कलवर्ट पुल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 की दृष्टि से एडमिन रोड एवं इससे संबंधित निर्माण कार्य महत्वपूर्ण हैं। इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए पर्याप्त संसाधनों एवं श्रमशक्ति के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित तकनीकी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंडलायुक्त ने अमरापुर घाट एवं साक्षी सतनाम घाट के निकट निर्माणाधीन नए घाटों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घाटों के निर्माण की निर्धारित समयसीमा एवं कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन सभी घाटों का कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मंडलायुक्त ने गंग नहर की क्लोजिंग अवधि में किए जाने वाले कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्लोजिंग के दौरान प्रस्तावित कार्यों के लिए आवश्यक तैयारियां अभी से पूर्ण कर ली जाएं। संबंधित कार्यों के लिए सामग्री, संसाधन एवं श्रमशक्ति की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि क्लोजिंग अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए कार्यों को तीव्र गति से पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी दशा में समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। सभी कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखें।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों की प्रगति में यदि किसी स्तर पर समन्वय अथवा अन्य कोई आवश्यकता सामने आती है तो उसका समयबद्ध ढंग से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत किए जा रहे सभी कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कर उनका लाभ मेले के दौरान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि, तकनीकी प्रकोष्ठ के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डी.पी. सिंह, अधिशासी अभियंता पीआईयू प्रवीण कुश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






























