नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को भगवानपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार, पुलिस ने किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया

भगवानपुर । नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में भगवानपुर पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने सात अक्टूबर को अपनी 17 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि गांव का ही एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी।

मामले की क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से आरोपी की तलाश की। इसी दौरान शनिवार रात पुलिस ने आरोपी को गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *