खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की चौथी इंटर स्कूल एथलेटिक मीट संपन्न, 300 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
रुड़की। खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के तत्वावधान में हरिद्वार यूनिवर्सिटी, रुड़की में चौथी इंटर स्कूल एथलेटिक मीट का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के लगभग 10 स्कूलों के 250 से 300 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जसविंदर चौधरी एवं सुभाष शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान डीपीएस स्कूल ने प्राप्त किया, जबकि बालक वर्ग में जेपी इंटरनेशनल स्कूल, रुड़की प्रथम स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में हरिओम सरस्वती स्कूल, धनौरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं बालक वर्ग में स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय रुड़की दूसरे स्थान पर रहा। तृतीय स्थान पर बालक वर्ग में दून पब्लिक स्कूल तथा बालिका वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल, रुड़की की टीम रही।
इस अवसर पर ट्रस्ट के चेयरमैन चैंपियन सूरज चौधरी ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा विद्यालय स्तर से ही छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में डीपीएस के कोच संजीत नेगी, कनिका सैनी, पिनांशु चौधरी, विकास, सचिन चौधरी, आसिफ सहित अन्य खेल प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागी विद्यालयों, कोचों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करते रहने का संकल्प लिया।























