मतदाताओं को जागरूकता करने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
हरिद्वार। आगामी विधानसभा निर्वाचन में निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट परिसर से मतदाता जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में संचालित इस जागरूकता अभियान के तहत जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में जागरूकता वाहन भ्रमण करेंगे। यह वाहन गांवों, कस्बों एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली,मतदान प्रक्रिया तथा इनके उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं के मन में मतदान प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या संशय को दूर करना, उन्हें ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के प्रति जागरूक करना तथा आगामी विधानसभा निर्वाचन में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जागरूकता अभियान को जनपद के प्रत्येक क्षेत्र तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकें।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र,अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आर के सिंह,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।























