सड़क निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिले खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, लक्सर रुड़की रोड के लैप्स हो चुके बजट को नियोजन कराने की मांग की

देहरादून / रूड़की । खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन ने गत दिवस देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की तथा लक्सर रुड़की रोड के लैप्स हो चुके बजट को नियोजन कराने की मांग की। विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री ने इसका प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भिजवा दिया है। सीएम रावत से देहरादून में हुई मुलाकात में विधायक चैम्पियन ने उन्हें लक्सर रुड़की स्टेट हाईवे के जर्जर हालात के बारे में जानकारी दी। बताया कि दिसंबर 2017 में खुद मुख्यमंत्री ने लंढौरा स्थित विधायक आवास पर आयोजित सभा में इस सड़क के निर्माण की घोषणा की थी। बाद में प्राक्कलन तैयार होने पर इसके बजट का प्रस्ताव केंद्र को भेजा था। केंद्र ने सीआरएफ (केंद्रीय सड़क निधि) से इसके लिए 4988.64 लाख का बजट स्वीकृत किया था। साथ 499 लाख रुपये भी एनएच पीडब्ल्यूडी को दे दिए गए थे। पर समय से काम आरंभ न होने पर बजट लैप्स हो गया है। जिससे सरकार व जनप्रतिनिधियों की तीन साल की मेहनत पर पानी फिर गया है। उधर, सड़क की स्थिति दिन ब दिन बद से बदतर हो रही है। क्षेत्र के लोग रोज इसकी शिकायत विधायक से कर रहे हैं। विधायक ने सड़क के लैप्स हो चुके बजट को नियोजित कराने के प्रस्ताव का एक ज्ञापन भी सीएम को सौंपा। विधायक चैम्पियन ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट नियोजन के प्रस्ताव को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *