बुजुर्ग दंपति ने जहर खाकर दी जान, पुत्र-पुत्रवधू की सड़क हादसे में मौत के बाद तनाव में चल रहे थे दंपति

भगवानपुर। क्षेत्र के एक गांव में पुत्र और पुत्रवधु की सड़क हादसे में मौत के बाद तनाव में चल रहे बुजुर्ग दंपत्ति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें रुड़की अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। भगवानपुर थाना क्षेत्र के गांव मंडावर में गुरुवार शाम 62 वर्षीय समय सिंह और उनकी पत्नी 56 वर्षीय सिया देवी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालात बिगड़ने पर परिवार के लोग उन्हें 108 एंबुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल ले गए। जहां उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। देर रात उपचार के दौरान चंद घंटों के अंतराल पर दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि दंपति के दो बेटे हैं। जिनमें एक बेटे व उसकी पत्नी की दिसंबर माह में सड़क दुर्घटना के दौरान मौत हो गई थी। तभी से दंपति मानसिक रुप से परेशान चल रहे थे। यहां तक कि कुछ दिनो पूर्व पहले समय सिंह ने मानसिक तनाव के चलते ही अपनी गार्ड की नौकरी भी छोड़ दी थी। साथ ही कुछ दिनों से दंपति ने परिवार के लोगों से बातचीत करना भी कम कर दिया था। उप निरीक्षक मनोज ममगाईं ने बताया कि शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *