आधार कार्ड बनवाने व संसोधन के नाम पर अवैध वसूली, आधार कार्ड केंद्र पर मनमर्जी शुल्क वसूलने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले निर्धन बेसहारा लोग परेशान
भगवानपुर । कस्बे में स्थित जन सेवा केंद्र पर लोगों से सरकारी मूल्य से अधिक वसूली करके आधार कार्ड बनाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार भगवानपुर में एक जनसेवा केन्द्र के माध्यम से आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिसकी एवज में लोगो से एक हजार रुपए लेकर आधार कार्ड बनाए जाने का आरोप जनसेवा संचालक पर लगाया है। पीड़ित निवासी महेश्वरी अपने बच्चों का आधार कार्ड बनवाने आया था। पीड़ित का आरोप है की जनसेवा केंद्र संचालक ने हमसे एक आधार कार्ड बनवाने के 1,000 मांगे हैं, जिसको हमने रजिस्ट्रेशन के समय 1,000 दिए हुए थे। अब दी गई तिथि के अनुसार जब आधार बनवाने आए, तो दोबारा से एक हजार रुपये मांगे गए। बताया गया है कि हमें पैसे ऊपर अधिकारियों को देने पड़ते हैं, तभी आधार कार्ड बनेगा। पीड़ित अपने बच्चों को साथ लेकर बिना आधार कार्ड बनवाएं वापस लौट आया। इसके बाद उसने थानाध्यक्ष भगवानपुर के नाम प्रार्थना पत्र देकर जनसेवा संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

