हरिद्वार बालक और नैनीताल बालिका वर्ग में बना चैंपियन
काशीपुर । होली एंजेल्स स्कूल, काशीपुर, ऊधम सिंह नगर में तृतीय राज्य स्तरीय जूनियर शूटिंग बॉल चैंपियनशिप-2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से बालक एवं बालिकाओं की टीमों ने प्रतिभाग कर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. डीके सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के साथ ही शूटिंग बॉल खेल को करीब से समझा और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शूटिंग बॉल उत्तराखंड में लगातार नए मुकाम हासिल कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने तथा खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि रितिका कांडपाल, उपाध्यक्ष जिला शूटिंग बॉल एसोसिएशन उधम सिँह नगर ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। रितिका कांडपाल द्वारा लगातार काशीपुर एवं ऊधम सिंह नगर क्षेत्र में शूटिंग बॉल सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं एथलेटिक्स कमीशन के चेयरमैन विजेंदर चौधरी रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों को अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि शूटिंग बॉल खेल लगातार आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
विजेंदर चौधरी ने विशेष रूप से उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल खिलाड़ियों सूरज चौधरी और नवनीत कुमार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता के आयोजन में शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप सिल्वर मेडलिस्ट एवं रुड़की के ब्रांड एंबेसडर सूरज चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर 12 बालक एवं 12 बालिकाओं सहित कुल 24 खिलाड़ियों का चयन आगामी 45वीं राष्ट्रीय शूटिंग बॉल प्रतियोगिता, मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ऊधम सिंह नगर शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव बिष्ट ने कहा कि जिले में शूटिंग बॉल के प्रति बच्चों और युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। खेल के माध्यम से कई खिलाड़ी आगे बढ़कर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर अपने भविष्य को मजबूत कर रहे हैं।
एसोसिएशन के महासचिव राहुल नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की टीमें लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ी पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता के परिणाम
बालक वर्ग में हरिद्वार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ऊधम सिंह नगर द्वितीय रहा। देहरादून और नैनीताल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में नैनीताल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप अपने नाम की। ऊधम सिंह नगर द्वितीय रहा, जबकि हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल संयुक्त रूप से तृतीय रहे।
बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरिद्वार ने ऊधम सिंह नगर को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग के फाइनल में नैनीताल ने ऊधम सिंह नगर को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में नेशनल रेफरी एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सैम अली, तनु शर्मा, आसिफ अहमद, वर्षा कुमारी, अमीशा सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं शूटिंग बॉल से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन की व्यवस्थाओं में सोशल मीडिया प्रभारी रिहान अली सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन समिति ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया। चयनित 24 खिलाड़ियों से आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के लिए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।


