केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक रूड़की में विद्यांजलि पोर्टल के माध्यम से कैरियर काउंसलिंग, विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में विभिन्न जानकारियों से कराया अवगत
रुड़की । केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक रूड़की में कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों के लिए कैरियर गाइडेंस एवं काउंसलिंग के तहत वेबिनार का आयोजन विद्यांजलि पोर्टल के माध्यम से कराया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की प्रमुख वक्ता थी रामया भास्कर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का अर्थ है बनावटी (कृत्रिम) तरीके से विकसित की गई बौद्धिक क्षमता। इसके ज़रिये कंप्यूटर सिस्टम या रोबोटिक सिस्टम तैयार किया जाता है, जिसे उन्हीं तर्कों के आधार पर चलाने का प्रयास किया जाता है जिसके आधार पर मानव मस्तिष्क काम करता है । विद्यार्थियों को इसकी समुचित जानकारी तथा दिशानिर्देश देने के लिए इस वेबिनार का आयोजन केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक रूड़की के प्राचार्य विपिन कुमार त्यागी के दिशा निर्देशन में किया गया। अपने संबोधन में प्राचार्य विपिन कुमार त्यागी ने कहा कि इस वेबिनार में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में विभिन्न जानकारियों से अवगत कराया गया । सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, बिग डाटा इंटेलिजेंस, रियल टाइम डाटा और क्वांटम कम्युनिकेशन के क्षेत्र में शोध, प्रशिक्षण, मानव संसाधन और कौशल विकास को बढ़ावा देने के योजना बना रही है। इसकी वजह से इस क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाएं आने वाले समय में है। उप प्राचार्या अंजू सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से विकास को गति देने और लोगों को बेहतर सुख-सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिये प्रत्येक क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक का भरपूर उपयोग किया जा रहा है। विद्यांजलि की तरफ इस कार्यक्रम का संयोजन शशि किरण तथा केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक रूड़की की तरफ से रजनी जोशी तथा पूनम कुमारी ने किया।

