कांग्रेसियों ने चर्च पर हमले का विरोध किया, कांग्रेस नेता देवेन्द्र प्रताप सैनी ने कहा महात्मा गांधी के देश में ऐसी घटना शोभा नहीं देती

रुड़की । धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ और मारपीट मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। उन्होंने महात्मा गांधी की मूर्ति के समीप एकत्र होकर हाथों में स्लोगन लेकर और आंखों, मुंह और कानों को बंद कर प्रदर्शन किया। गांधी वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास सांकेतिक धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता प्रो. डीपी सैनी ने कहा कि दो अक्तूबर को पूरे देश में अहिंसा दिवस मनाया गया लेकिन उसके अगले दिन ही रुड़की शहर में कुछ लोगों ने हिंसा कर दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के देश में इस प्रकार की घटना शोभा नहीं देती। हिंसा करने वाले महात्मा गांधी के सामने खड़े होकर आत्ममंथन कर क्षमा मांगें। उन्होंने कहा कि केवल गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पूजना आवश्यक नहीं है बल्कि बापू के विचारों को अपनाना जरूरी है। पार्टी नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा तीन अक्तूबर को रुड़की में जो हिंसा की गई उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान कुणाल मोहन, आरजू, वैभव सैनी, आशीष, अमित, अंजेश कुमार, अजय चौधरी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *