मूलदासपुर उर्फ माजरा के ग्रामीणों ने उठाई सर्विस रोड की मांग, एक सप्ताह में कच्चा और एक माह में पक्का मार्ग शुरू करने का आश्वासन

कलियर। ग्राम मूलदासपुर उर्फ माजरा के ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने आज परियोजना निदेशक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से मुलाकात कर गांव की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने बताया कि रुड़की-हरिद्वार हाईवे से गांव में आने वाले नए मार्ग पर निर्माणाधीन हाईवे के दौरान बनाए गए अंडरपास की ऊंचाई कम है। ऐसे में आगामी दिनों में गांव में आने-जाने वाले बड़े और ऊंचे वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी समस्या को देखते हुए ग्रामीणों के प्रयास से अंडरपास से निर्माणाधीन हाईवे के किनारे-किनारे गांव तक आने-जाने के लिए सर्विस रोड की स्वीकृति कराई गई थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य कर रही एजेंसी द्वारा सर्विस रोड के निर्माण को लेकर अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जा रही थी, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। इसी मुद्दे को लेकर ग्राम सभा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने परियोजना निदेशक से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।

ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए परियोजना निदेशक ने लिखित कार्रवाई करते हुए आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर कच्चे मार्ग तथा एक माह के भीतर पक्के सर्विस मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने की बात कही।

इस मौके पर ग्राम प्रधान देवराज सैनी, महापंचायत संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंकित सैनी, गजे सिंह, ऋषि, राजकुमार, भाजपा नेत्री रोमा सैनी, मांगेराम धारीवाल, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि संदीप सैनी, डा. सहदेव, सुमित सैनी, हरिश सैनी, ग्राम पंचायत सदस्य विपिन सैनी, सचिन सैनी, अंकित सैनी, शुभम सैनी, लक्की सैनी, संदीप सैनी मिस्त्री, नाथीराम, विशाल, नीटू, ललित कुमार, दीपक कुमार, धीर सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *