देहरादून पहुंचा लेफ्टिनेंट कमांडर अनंत कुकरेती का पार्थिव शरीर, 3 माह पूर्व हुई थी शादी, बेटे के पार्थिव शरीर को तिरंगे से लिपटा देखकर मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

देहरादून । माउंट त्रिशूल चोटी आरोहण के दौरान देहरादून के लेफ्टिनेंट कमांडेंट अनंत कुमार कुकरेती की हिमस्खलन की चपेट आने से मौत हो गई थी।
सोमवार को उनका पार्थिव शरीर शहर के रिंग रोड स्थित गंगोत्री विहार में उनके आवास पर पहुंच गया। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही घर में मातम पसर गया। यहां उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वहीं जैसे-जैसे लोगों को इस बारे में पता चलता गया सुबह से ही ले. कमांडेंट अनंत कुमार कुकरेती के घर पर लोगों की भीड़ जुटती रही।  यहां सैन्य सम्मान के साथ जवानों ने उन्हें सलामी दी। शव को अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पर रखा गया। बेटे के पार्थिव शरीर को तिरंगे से लिपटा देखकर मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता और मां की हालत बेहद खराब है। दाेनों बार-बार बेहोश हो रहे हैं। अनंत की पत्नी राधा बेसुध हैं। कुछ बोल नहीं रही हैं। पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया गया।  वहीं माउंट त्रिशूल पर एवलांच की चपेट में आने से लापता नौसेना के सदस्यों की खोज के लिए गया निम का दल लौट आया है। निम ने हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल गुलमर्ग के साथ सर्च अभियान में प्रतिभाग किया था। नौसेना के दो पर्वतारोही अभी भी लापता हैं। जिन्हें खोजने के लिए पैदल टीम का अभियान सोमवार को जारी रहा। एचएडब्ल्यूएस और एसडीआरएफ सर्च अभियान चला रही है। निम के रजिस्ट्रार विशाल रंजन ने बताया कि निम की टीम रविवार सुबह लौट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *