जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में घायल सूबेदार लापता

टिहरी। जम्मू-कश्मीर के पूंछ में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में घायल हुए टिहरी निवासी सूबेदार अजय रौतेला लापता बताए जा रहे हैं। सूबेदार अजय रौतेला भी सेना के उस सर्च ऑपरेशन में शामिल थे, जिसमें उत्तराखंड के दो जवान शहीद हो गए थे। बताया गया कि सेना की टीम अजय रौतेला की तलाश में जुटी है। सेना और प्रशासन से कोई आधिकारिक सूचना नहीं
नरेंद्रनगर ब्लाक के खाड़ी-रामपुर गांव निवासी सूबेदार अजय रौतेला पुत्र स्व. अब्बल सिंह रौतेला गुरुवार रात को आतंकियों से हुई मुठभेड़ में घायल हो गए थे। लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। उनके पड़ोसी गांव के सैनिकों ने रौतेला के परिजनों को यह सूचना दी। सूचना मिलते ही उनके परिजन देहरादून से रामपुर गांव पहुंच गए। अजय रौतेला के चाचा हरपाल रौतेला ने बताया कि उन्हें सेना और प्रशासन से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। पत्नी विमला देवी, जुड़वां पुत्र सुमित और अमित का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ा बेटा अरुण रौतेला देहरादून में है। उनके भाई दीपक रौतेला ने बताया कि 46 वर्षीय अजय रौतेला 17 गढ़वाल राइफल में थे और वर्तमान में आरआर 48 (राष्ट्रीय राइफल) में जम्मू कश्मीर में तैनात थे। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को ही उनके भाई अजय छुट्टी बिताकर जम्मू-कश्मीर ड्यूटी पर गए थे।
दो साल बाद उनका रिटायरमेंट था। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि रामपुर निवासी सूबेदार अजय रौतेला के लापता होने की सूचना मिली है। आर्मी हेडक्वार्टर से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *