जम्मू-कश्मीर के पुंछ में देवभूमि के दो और लाल शहीद, जौलीग्रांट पहुंचे दोनों के पार्थिव शरीर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून । जम्मू-कश्मीर में राजोरी-पुंछ जिलों के सीमा क्षेत्र के जंगलों में आतंकियों के खिलाफ जारी ऑपरेशन में उत्तराखंड के दो और लाल शहीद हो गए हैं। रविवार को दोपहर बाद दोनों शहीद के पार्थिव शरीर उत्तराखंड पहुंच गए। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंच कर शहीदों के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजली अर्पित की। यहां से पार्थिव शरीर को शहीदों के पैतृक गांव के लिए रवाना किया गया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सैन्य कल्याण मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट स्वामी यतिश्वरानंद और सुबोध उनियाल ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान कहा गया कि अमर शहीदों ने देश सेवा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है। जिसको कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की धरती है। राज्य के वीर सपूत अपनी जान देकर कर भारत माता की रक्षा करते हैं। हमारी सरकार वीर सपूतों की अमर शहादत को नमन करती है। शहीदों के परिवारजन हमारी जिम्मेदारी हैं। मेंढर तहसील में भाटादूड़ियां के नाड़ खास जंगल से शनिवार शाम को शहीद सूबेदार (जेसीओ) अजय सिंह और लापता जवान नायक हरेंद्र सिंह का शव बरामद कर लिया गया था। सोमवार से अब तक इस ऑपरेशन में दो जेसीओ समेत नौ जवान शहीद हो गए हैं। इस ऑपरेशन में दो जेसीओ समेत उत्तराखंड के कुल चार जवान वीरगति को प्राप्त हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *