अवैध रूप से काटे जा रहे प्लाटों को लेकर एचआरडीए अधिकारियों ने की कार्रवाई, निरीक्षण कर जारी किए कारण बताओ नोटिस

हरिद्वार । कनखल क्षेत्र में लगातार अवैध रूप से काटे जा रहे प्लाटों को लेकर हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) अधिकारियों ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने अवैध प्लॉटिंग का निरीक्षण कर लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। साथ ही तीन दिन के भीतर नक्शा आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को एचआरडीए के उपाध्यक्ष विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर सचिव उत्तम सिंह चौहान ने टीम के साथ कनखल क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान लक्सर रोड स्थित जमालपुर गांव में अप्पू वालिया, मो. इरशाद और संदीप की ओर से की जा रही प्लॉटिंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि प्लाट नियमों के विरुद्ध काटे जा रहे हैं। टीम ने कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। साथ ही 27 अक्तूबर तक जवाब देने के साथ ही मानचित्र स्वीकृति आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए। सचिव उत्तम सिंह चौहान ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अवैध निर्माण और प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टीम में अधिशासी अभियंता माधवानंद जोशी, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *