संदिग्ध अवस्था में कमरे में पड़ा मिला व्यवसाई का शव, क्षेत्र में फैल गई सनसनी, चिकित्सक प्रथमदृष्टया मौत का कारण हृदयाघात मान रही
नैनीताल । नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में एक कारोबारी कमरे में बेसुध पड़ा मिला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उसे बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदिग्ध अवस्था में कारोबार की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। वहीं चिकित्सक प्रथमदृष्टया मौत का कारण हृदयाघात मान रही है।जानकारी के मुताबिक तल्लीताल निवासी राकेश मल्होत्रा की माल रोड में नवीन कला केंद्र के नाम से अपनी दुकान है। मंगलवार को उनके सभी स्वजन किसी शादी समारोह में बाहर गए हुए थे। जिस कारण वह घर पर अकेले थे। इधर पड़ोसियों ने बुधवार सुबह उन्हें कमरे में बेसुध पड़ा हुआ देखा। जिसकी सूचना तुरंत तल्लीताल पुलिस को दी गई। सूचना के बाद एसआई दीपक बिष्ट, चीता कांस्टेबल शिवराज राणा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल बेसुध व्यक्ति को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीएमएस केएस धामी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हृदयाघात का नजर आ रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गयी है। परिजनों के पहुँचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

