नदी किनारे मिला हाथ और सिर कटा शव, फैली सनसनी, शक के आधार पर हिरासत में दोस्त, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को लिए भेजा

काशीपुर । ऊधमसिंहनगर जिले के काशीपुर में लोहिया पुल के पास राजपुरा नदी किनारे सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक का एक हाथ भी गायब है। पुलिस ने शक के आधार पर मृतक के दो दोस्तों को हिरासत में लिया लिया है। मृतक की शिनाख्त जोशी का मझरा धीमरखेड़ा निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। थाना आईटीआई जोशी का मझरा धीमरखेड़ा निवासी विशाल कुमार (21) पुत्र राजकुमार बीती 18 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। विशाल के परिजनों ने थाना आइटीआइ में विशाल की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उसके दो दोस्तों पर विशाल को फोन कर बुलाने की बात कही थी। तभी से वह अपने घर नहीं लौटा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बुधवार को गुमशुदा युवक का शव यूपी से सटे सीमावर्ती क्षेत्र लोहिया पुल के पास राजपुरा नदी किनारे मिला। युवक का सिर व एक हाथ गायब था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। सूचना पर पहुंचे गुमशुदा युवक के परिजनों ने मृतक की शिनाख्त अपने पुत्र विशाल कुमार के रूप में की। बताया जा रहा है कि मृतक नगर निगम में सफाई कर्मी के पद पर काम करता था। मृतक विशाल दो भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हो गई है। लेकिन युवक का सिर व एक हाथ गायब है। जिसकी खोजबीन की जा रही है। युवक की हत्या किन कारणों से की गई है, इसका खुलासा शीघ्र ही किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *