होली पर अधिकारी व पुलिसकर्मी रंग से हुए सराबोर, पुलिस लाइन, कोतवाली व थानों में रंग, उड़ा अबीर-गुलाल, फिल्मी गीतों पर झूमकर नाचे पुलिसकर्मी
हरिद्वार । जिला पुलिस लाइन से लेकर जिले के थाना-कोतवाली में जमकर गुलाल उड़ा। डीआईजी-एसएसपी डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने अधीनस्थों संग जमकर होली खेली। वहीं, थाने कोतवाली में पुलिसकर्मी डीजे लगाकर फिल्मी, कुंमाऊनी-गढ़वाली गीतों पर थिरकते रहे। होली के जश्न में पूरा पुलिस महकमा डूबा रहा। शुक्रवार को आमजन की होली को सकुशल सम्पन्न कराने के बाद पुलिस महकमा शनिवार को होली के रंग में रंगा नजर आया। होली के पर्व को लेकर पुलिसकर्मियों ने पुख्ता इंतजाम किए हुए थे। जिला पुलिस लाइन में डीआईजी-एसएसपी डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने अधीनस्थों के साथ होली खेलकर सभी को शुभकामनाएं दी। पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक दूसरे के साथ होली का जश्न मनाया। वहीं शहर के थाने कोतवाली में भी होली उल्लासपूर्वक मनाई गई। हर कोई फिल्मी गीतों से लेकर लोकगीतों पर जमकर थिरकते नजर आए। पुलिस लाइन में एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, एसपी यातायात मनोज कात्याल, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार, सीओ सिटी शेखर सुयाल, एएसपी रेखा यादव, सीओ लक्सर बहादुर सिंह चौहान, सीओ मंगलौर पंकज गैरोला आदि मौजूद रहे।





























