विरोध छोड़ अग्निपथ योजना का लाभ उठाएं युवा: आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी
हरिद्वार । निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी ने युवाओं से अग्निपथ योजना का विरोध छोड़कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। श्री दक्षिण काली मंदिर में युवाओं से अपील करते हुए कैलाशानंद गिरी ने कहा कि हमेशा देश का हित सोचने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना को मजबूत करने के लिए ही अग्निपथ योजना लागू की है। योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले युवाओं के हितों का भी पूरा ध्यान रखा गया है। अग्निपथ योजना लागू होने से भारतीय सेना विश्व की सबसे युवा सेना होगी। इससे युवाओं को सेना में तो रोजगार मिलेगा ही, बाद में दूसरे क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। कैलाशानंद गिरी ने कहा कि तीनों सेनाओं के प्रमुख व अन्य सैन्य विशेषज्ञों ने भी योजना को युवाओं के हित में बताया है। इसलिए युवाओं को आंदोलन का रास्ता त्यागकर योजना का लाभ उठाना चाहिए।



