राजधानी देहरादून में देर रात हुई भारी बारिश, सुबह खुली लोगों की आंख तो दिखा खौफनाक मंजर, बह गया पुल
देहरादून । देहरादून में शुक्रवार रात भर हुई बारिश के बाद शनिवार की सुबह जब लोग उठे तो आंखों के सामने तबाही का मंजर देख खौफजदा हो गए। नदी नाले ऊफान पर थे। रायपुर के मालदेवता में बादल फटने से हाहाकार मच गया तो सौंग नदी के ऊफान पर आने से थानो को जोड़ने वाला पुल बह गया। एक अन्य पुल बहने से भी स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर रात रायपुर स्थित ग्राम सरखेत में बादल फटने से कई घरों में पानी चला गया। अब तक दो व्यक्तियों के लापता होने की सूचना है और कुछ मवेशी भी लापता हैं। वहीं आपदा में बहे वाहनों का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और विधायक उमेश शर्मा काऊ मौके पर हैं। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर भी मौके पर हैं। वहीं एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू करने में जुटी हुई है। बताया गया कि गुरुवार देर रात को भारी बारिश के कारण बादल फटने से कई लोग घरों में फंस गए। एसडीआरएफ की टीम मालदेवता के रास्ते रेस्क्यू करने के लिए निकली, लेकिन वहां मार्ग बाधित होने के कारण टीम पैदल ही मौके पर पहुंचीं। यहां नदी व कुवा खाला में अत्याधिक पानी आने से ग्राम सरखेत में कुछ मकानों में पानी घुस आया। टीम ने ग्राम सरखेत में फंसे सभी लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। यहां फंसे लोगों को निकाल कर होटलों में रुकवाया गया है। वहीं कुछ जानवरों के बहने की भी सूचना है। वहीं सौंग नदी के ऊफान पर आने से रायपुर से थानो रोड जाने वाला पुल भी टूट गया है। एसडीआरएफ की टीम द्वारा मालदेवता सरखेत ग्राम से 40 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सरखेत मालदेवता में आपदा के कारण कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। मंत्री आपदा प्रभावित इलाके में जायजा लेने पहुंचे हैं। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वह आज पूरा दिन आपदा प्रभावित इलाके में रहकर व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे।



