उत्तराखंड के तीन जिलों में बादल फटने से जनजीवन प्रभावित, चार की मौत, घायलों को किया एयरलिफ्ट
देहरादून । उत्तराखंड में शुक्रवार रात से हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। यहां तीन जिलों में बादल फटने की घटना से हाहाकार मच गया है। प्रभावित क्षेत्र में राशन, बर्तन, दूध, पलंग, बिस्तर, कपड़े, स्ट्रेचर आदि सामग्री रवाना कर दी गई है। देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिले में बादल फटने की घटना सामने आई है। इस घटनाओं में अभी तक चार की मौत हुई है और कई लोग लापता हैं। वहीं चार धाम यात्रा राजमार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध है। जगह-जगह यात्री फंसे हुए हैं। देहरादून के माल देवता क्षेत्र में छमरूली टापूसेरा में बादल फटने की घटना में एक महिला और कई मवेशी बह गए हैं। यहां सात मकान ध्वस्त हो गए हैं और दो पुल टूट गए हैं।वहीं एक मकान में कई लोगों के दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है। सड़क पूरी तरह ध्वस्त होने से यहां राहत बचाव सामग्री पहुंचाने परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यमकेश्वर में बादल फटने के बाद मकान के मलबे में दबकर एक की महिला की मौत हो गई है। टिहरी के कीर्तिनगर में बादल फटने के बाद मकान के मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई है।टिहरी जौनपुर ब्लाक के ग्वाड़ गांव में मलबे में दबे दो शव बरामद किए गए हैं। टिहरी में ही मकान के मलबे में सात लोग दब गए है। मलबे दबे पति पत्नी के शव बरामद कर लिए गए हैं। बाकि अन्य पांच की तलाश जारी है।



