हरिद्वार: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान पद की प्रत्याशी का पति गिरफ्तार, इन चीजों से बना था मौत का सामान

हरिद्वार । हरिद्वार के फूलगढ़ शराब कांड में एसआईटी ने शनिवार देर रात प्रधान पद की प्रत्याशी बबली देवी के पति मुख्य आरोपी विजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चाचा के खेत में गड्ढा खोदकर छिपाई गई कच्ची शराब की खेप भी बरामद कर ली गई है। शराब बनाने से लेकर उसे छिपाने के आरोप में फरार चल रही प्रत्याशी बबली देवी और उसके देवर नरेश की तलाश में भी पुलिस टीमें छापेमारी में जुटी है। आरोपी को रविवार दोपहर स्पेशल मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बरामद की गई शराब को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। शनिवार को पथरी क्षेत्र के गांव फूलगढ़ में कच्ची शराब से छह ग्रामीणों की मौत हो गई थी जबकि एक ग्रामीण की मारपीट के कारण मौत होने की बात सामने आई थी। मामले में एसओ पथरी रविंद्र सिंह, तीन कांस्टेबल और आबकारी लक्सर सर्किल के निरीक्षक भरत प्रसाद समेत नौ आबकारी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था।मामले की जांच के लिए एएसपी रेखा यादव की अगुवाई में एसआईटी गठित कर दी गई थी। शनिवार को ही सीआईयू, पथरी पुलिस एवं एसआईटी जांच में जुट गई थी। पुलिस टीमों ने प्रारंभिक पूछताछ में चुनावी शराब होने की बात सामने आने पर प्रधान पद की महिला प्रत्याशियों के पतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। देर शाम प्रधान पद की प्रत्याशी बबली देवी के पति बिजेंद्र ने गुनाह कबूल कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *