भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई से जनता त्रस्त, रुड़की में कांग्रेसियों ने बिजली के दाम बढ़ाए जाने पर किया प्रदर्शन
रुड़की । महानगर कांग्रेस कमेटी ने बिजली के दाम बढ़ाए जाने, कानून व्यवस्था आदि के मामले को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंका। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रुड़की महानगर कांग्रेस कमेटी ने चंद्रशेखर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि बिजली के दाम फिर से बढ़ाए जा रहे हैं। पहले से ही लोग बिजली के बढ़े हुए बिलों से परेशान हैं। सरकार लगातार जनता पर बोझ डाल रही है। इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व राज्य मंत्री राम सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई से जनता त्रस्त है। सरकार ने रोजमर्रा की चीजों पर टैक्स एवं महंगाई का बोझ डाल दिया। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष दिनेश कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली, पानी के दाम बढ़ाए हैं। जनता पहले से ही महंगाई से परेशान है। आम जरूरत की हर चीज महंगी हो गई है। लेकिन सरकार का महंगाई पर नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों से कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। सरकार केवल बयानों तक ही सीमित है। विरोध प्रदर्शन में पूर्व सांसद राजेंद्र बॉडी, सुभाष सैनी, कुलदीप सिंह, हेमेंद्र चौधरी, श्रवण गोस्वामी, विकास त्यागी, भूषण त्यागी, कुर्बान, सुधीर शांडिल्य, संजय तोमर, सुशील कश्यप, राजपाल ठाकुर, सलमान, रईस, आशीष सैनी, शकील, गौरव प्रधान, दीपक वर्मा, मुदस्सिर, सरवर, आलम, यूनुस अंसारी, हाजी नौशाद, आशीष चौधरी, शैलेंद्र सैनी आदि मौजूद रहे।