रक्षाबंधन का पर्व आज, नहीं रहेगा भद्रा का साया, पूरे दिन राखी बांधी जा सकेगी, जानिए सावन पूर्णिमा पर राखी बांधने के लिए सबसे अच्छा मुहूर्त
आज यानी शुक्रवार, 28 अगस्त को रक्षाबंधन है। इस साल रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा, जिसके चलते पूरे दिन राखी बांधी जा सकेगी। इसके अलावा इस बार रक्षा बंधन पर चंद्र ग्रहण का साया रहेगा, लेकिन भारत में इस ग्रहण को नहीं देखा जा सकेगा, जिसके चलते सूतक मान्य नहीं होगा। ऐसे में बहने पूरे दिन भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकेंगी। आइए जानते हैं सावन पूर्णिमा पर राखी बांधने के लिए सबसे अच्छा मुहूर्त कब है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, हर वर्ष रक्षाबंधन का त्योहार श्रावण माह की पूर्णिमा तिथि पर भद्रा रहित काल में मनाया जाता है। इस वर्ष श्रावण पूर्णिमा तिथि बीते दिन 27 अगस्त को सुबह करीब 9 बजकर 9 मिनट से शुरू हो गई है, जो आज यानी 28 अगस्त को सुबह करीब 9 बजकर 49 मिनट तक रहेगी। ऐसे में रक्षाबंधन का त्योहार आज ही है। दरअसल 28 अगस्त को पूर्णिमा तिथि सूर्योदय तिथि में होने से रक्षाबंधन इसी दिन मान्य रहेगा।
शास्त्रों के अनुसार रक्षाबंधन पर भद्रा काल का विशेष ध्यान रखा जाता है। जब भद्राकाल होती है तो उस समय राखी बांधना शुभ नहीं माना जाता है। अगर रक्षाबंधन पर भद्रा रहे तो उसके बीत जाने के बाद ही राखी बांधी जाती है। इस बार रक्षाबंधन पर यानी आज 28 अगस्त को भद्रा नहीं रहेगी, जिसके कारण राखी बांधने में कोई भी बाधा नहीं रहेगी। पंचांग के अनुसार इस बार भद्रा काल 27 अगस्त को सुबह 9 बजकर 8 मिनट से लेकर रात 09 बजकर 32 मिनट तक रही है। इस तरह से 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन भद्रा नहीं रहेगी ,जिसके चलते पूरे दिन राखी बांधी जा सकेगी।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार दिन में पड़ने वाले राहुकाल को अशुभ माना जाता है। राहुकाल में कोई भी शुभ कार्य करना वर्जित होता है। ऐसे में आज राहुकाल में राखी ना बांधे। आज यानी रक्षाबंधन पर राहुकाल की बात करें तो इसका समय सुबह 10 बजकर 54 मिनट से लेकर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा।






























