भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया

भगवानपुर। आज बी डी इंटर कॉलेज भगवानपुर हरिद्वार में भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इस अवसर पर बोलते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा भारत विकास परिषद,उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के महासचिव संजय गर्ग ने कहा कि एनीमिया का अर्थ होता है कि रक्त में हीमोग्लोबिन की कमी का होना। हीमोग्लोबिन के कारण ही रक्त का रंग लाल होता है तथा हीमोग्लोबिन,लाल रक्त कणों में पाए जाने वाला वह लाल तत्व है जो हवा से ऑक्सीजन ग्रहण कर शरीर के सभी अंगों को उपलब्ध कराता है। हीमोग्लोबिन की कमी के कारण,शरीर की हर कोशिका में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है।

रक्त अल्पता होने से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर तथा नवजात शिशु के स्वास्थ्य पर अत्यंत बुरा प्रभाव पड़ता है।शारीरिक व मानसिक विकास रुक जाता है तथा संक्रामक रोगों के आशंका बढ़ जाती है। इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ हेमंत ने बताया कि 358 छात्र-छात्राओं का परीक्षण किया गया जिनमें से कक्षा 9 की तीन व कक्षा 11 की एक छात्रा एनीमिक पाईं गईं तथा 11 छात्र-छात्राओं में दृष्टि दोष,10 छात्र-छात्राओं के दांतों में खराबी पाई गई।

चिकित्सा अधिकारी डॉ मेघा ने बताया कि रक्त अल्पता से बचाव के लिए अपने प्रतिदिन के आहार में गेहूं, बाजरे की रोटी,राजमा, लोबिया,भुना हुआ चना, गुड़ दाल तथा मेथी,पालक, चोलाई सहित आयरन युक्त साग सब्जियां खानी चाहिए।
परिषद की सचिव कल्पना सैनी ने कहा कि बच्चों में एनीमिया मुख्य रूप से आयरन तथा फोलिक एसिड की कमी की वजह से होता है लेकिन हमें इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि जब हम आयरन तथा फोलिक एसिड की टेबलेट ले तो उस समय चाय कॉफी का सेवन न करें या कम से कम करें। इस अवसर पर प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय पाल ललिता, पारुल,अनुदीप, सुधीर सैनी,रजत बहुखंडी,निखिल अग्रवाल,नेत्रपाल डॉ विजय त्यागी अर्चना पाल रितु वर्मा, संगीता गुप्ता तथा कु सारीन आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *