प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त की घोषणा, इस दिन आएंगे किसानों के खाते में 2000 रुपये
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त का लंबे समय से इंतजार था लेकिन अब देश के करोड़ों किसानों को खुशखबरी मिल गई है. पीएम किसान योजना के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल X पर 23वीं किस्त जारी करने की आधिकारिक तारीख का ऐलान कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2026 को पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे।
सरकार का कहना है कि यह राशि सीधे लाभार्थी किसानों के खातों में भेजी जाएगी, जिससे उन्हें खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। खरीफ फसलों की बुवाई के समय मिलने वाली यह आर्थिक सहायता किसानों के लिए उपयोगी मानी जा रही है। जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से 23वीं किस्त जारी करेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मार्च को योजना की 22वीं किस्त असम के गुवाहाटी से जारी की थी। बता दें कि इस योजना के तहत किसानों को हर साल 3 किस्तों में 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

