भगवानपुर पुलिस ने चलाया सत्यापन अभियान, 120 मकान मालिकों के काटे गए चालान, लगाया गया 10-10 हजार रुपये का जुर्माना
भगवानपुर । अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से भगवानपुर पुलिस ने रविवार को व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल रही और लोगों को पुलिस नियमों के प्रति सतर्क रहने का संदेश मिला। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चांद कॉलोनी, मक्खनपुर और शाहपुर क्षेत्रों में सुबह से ही अभियान शुरू किया। इस दौरान फैक्ट्रियों, कोल्हुओं, गुड़ चरखियों, रेहड़ी-ठेली संचालकों के साथ-साथ बाहरी मजदूरों और घरेलू सहायकों के दस्तावेजों की जांच की गई। अभियान के तहत करीब 350 लोगों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने उन मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की, जिन्होंने अपने किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन नहीं कराया था। ऐसे 120 मकान मालिकों के चालान काटे गए और प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह कुल 12 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

