लक्सर में हर शुक्रवार बनाए जाएंगे जन्म प्रमाणपत्र, कोरोनाकाल के बाद लक्सर तहसील में पहली बार तहसील दिवस का आयोजन
लक्सर । कोरोनाकाल के बाद मंगलवार को लक्सर तहसील में पहली बार तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए कई लोगों ने आवेदन किया। एसडीएम ने पालिका और बीडीओ कार्यालय के अधिकारियों को हर शुक्रवार को जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए विशेष कैंप लगाने के आदेश दिए हैं। पिछले साल कोरोना को देखते हुए तहसीलों में शिकायतों और समस्याओं पर सुनवाई के लिए आयोजित होने वाले तहसील दिवस पर रोक लगा दी गई थी। अब शासन के निर्देश पर तहसील दिवस दोबारा शुरू किए गए हैं। एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने लक्सर में शिविर लगाकर लोगों की शिकायतें सुनी। वार्ड तीन निवासी सतपाल ने आवासीय पट्टे पर अवैध निर्माण की समस्या रखी। सीमली के सुरेंद्र नामदेव ने अपनी जमीन पर अवैध मिर्माण करने की शिकायत की। केहड़ा के मुकेश सैनी ने नाला चोक होने की बात कहकर इसकी सफाई कराने की मांग की। एसडीएम ने पालिका और बीडीओ कार्यालय पर हर शुक्रवार को शिविर लगाकर लोगों के जन्म प्रमाणपत्र के आवेदनों पर सुनवाई के आदेश दिए।

