हर्ष कुमार ने ब्लॉक प्रमुख पद के लिए जमा किया नामांकन पत्र, निर्विरोध निर्वाचन तय, भाजपा के कई नेता रहे मौजूद
लक्सर । भाजपा नेताओं के साथ रायसी से बीडीसी सदस्य हर्ष कुमार ने बीडीओ कार्यालय पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए अपना नामांकन पत्र जमा कराया। शनिवार को प्रमुख के लिए दो ही नामांकन पत्र खरीदे गए थे। दूसरे प्रत्याशी के नामांकन पत्र जमा नहीं कराने से हर्ष का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।जिले में पिछले महीने ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हुआ है। इसके बाद सोमवार को ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकनपत्र जमा होने थे। शनिवार को प्रमुख पद के लिए रायसी के बीडीसी हर्ष कुमार और पूजा देवी ने नामांकन पत्र खरीदे थे।चुनाव अधिकारी नौटियाल ने बताया कि प्रमुख पद के लिए हर्ष कुमार का ही नामांकन पत्र जमा हुआ है। ज्येष्ठ प्रमुख पर रविंद्र कुमार और कनिष्ठ प्रमुख पर फरमान का भी एक-एक नामांकन पत्र ही जमा हुआ है। बताया कि मंगलवार 11 अक्तूबर को नाम वापसी की तारीख है। नाम वापसी के बाद निर्वाचित पदाधिकारियों के नाम की घोषणा होगी।



