हरिद्वार में दो बारातों के बारातियों में सरेराह खूनी संघर्ष, कई बाराती चोटिल, चौपहिया वाहन के शीशे भी टूटे

हरिद्वार । ज्वालापुर मुख्य मार्ग पर गुजर रही दो बारातों के बारातियों में सरेराह खूनी संघर्ष हो गया। बारातियों के एक दूसरे पर पथराव करने से भगदड़ मच गई। खूनी संघर्ष में कई बाराती चोटिल हो गए। पथराव में कई चौपहिया वाहन के शीशे भी टूट गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक मारपीट कर रहे बाराती फरार हो गए। घटना सोमवार देर रात करीब ग्यारह बजे की है। रोड धर्मशाला में एक बारात पहुंचनी थी तो दूसरी बारात उसके ठीक सामने विकास कालोनी में जानी थी। मुख्य मार्ग पर जब दोनों बारात आसपास पहुंची तभी एक बाराती ने दूसरी बारात पर पत्थर फेंक दिया। इस बात को लेकर बाराती आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बारातियों के बीच कहासुनी हो गई और फिर मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। पथराव होने से बारातियों में भगदड़ मच गई। घोड़ी पर सवार दूल्हों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। खूनी संघर्ष में कई बाराती चोटिल हो गए। मुख्य मार्ग पर मारपीट होने के चलते बड़ी संख्या में राहगीर एकत्र हो गए। इधर,यातायात व्यवस्था भी बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मायापुर चौकी प्रभारी संतोष सेमवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर आपस में मारपीट कर रहे बाराती मौके से खिसक गए। पुलिस ने बारात को रवाना किया, फिर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पथराव में कई चौपहिया वाहन के शीशे भी टूट गए। चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से किसी ने भी लिखित में कोई शिकायत नहीं की है। लिखित में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *