भेल हीप चुनाव में बीएमकेपी ने मारी हैट्रिक, महामंत्री राजबीर चौहान बोले- घोषणा पत्र में किए गए एक-एक वायदे को पूरा किया जाएगा

हरिद्वार । भेल हीप वर्कर्स यूनियन मान्यता के चुनाव में भेल मजदूर कल्याण परिषद (बीएमकेपी) ने तीसरी बार चुनाव में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुनावी हैट्रिक बनाई है। बीएमकेपी ने कुल चार राउंड की गिनती के बाद हिन्द मजदूर सभा (एचएमएस) को 38 मतों से पछाड़ कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वही भेल फाउंड्री में हुए चुनावों में एटक यूनियन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
महारत्न कंपनी भेल की देश भर की सभी शाखाओं में वर्कर्स यूनियन के चुनाव एक ही समय पर आयोजित किए जाते हैं। हरिद्वार भेल कंपनी की हीप शाखा मे यूनियन मान्यता के लिए हुए चुनाव में 11 भेल वर्कर्स यूनियन चुनावी मैदान में थीं। चुनाव के लिए गुरुवार को दिन के समय मतदान हुआ था। रात को 8:30 बजे से मतों की गिनती शुरू हुई। देर रात में मतों की गिनती पूरी हो सकी। मतों की गिनती चार राउंड में हुई। चार राउंड की गिनती के बाद बीएमकेपी 497 मत लेकर प्रथम स्थान, एचएमएस 459 मत लेकर दूसरे स्थान और हैवी इलेक्ट्रिकल्स वर्कर्स ट्रेड यूनियन(एचइडब्ल्यूटीयू) 380 मत लेकर तीसरे स्थान पर रही ।
भेल हीप वर्कर्स यूनियन की मान्यता के लिए 2252 भेल वर्कर्स को मतदान करना था। इनमें से 2217 भेल वर्कर्स ने अपने मतों का प्रयोग किया। 35 वर्कर्स ऐसे रहे जिन्होंने चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग नहीं किया। मतों की गिनती के बाद 2177 मत वैलिड रहे, 40 वर्कर्स के वोट निरस्त किए गए।
मतों की गिनती के पहले राउंड एचएमएस यूनियन बीएमकेपी से 20 मतों से आगे रही। दूसरे राउंड में भी एचएमएस यूनियन 15 मतों से आगे रही, लेकिन बढ़त 5 मत कम हो गई। तीसरे राउंड में बीएमकेपी ने एचएमएस को पीछे करते हुए 8 वोट की बढ़त बनाई। गिनती के चौथे और फाइनल राउंड में बीएमकेपी को एचएमएस से 38 मत ज्यादा मिले। 38 मतों से बीएमकेपी पहले स्थान पर रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *