किसानों के मसीहा थे चौधरी चरण सिंह: राजेन्द्र चौधरी एडवोकेट
रुड़की । आज भारत रत्न महान स्वतंत्रता सेनानी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की जयंती इनकी मूर्ति स्थित कर्नल एंक्लेव पर श्रद्धा पूर्वक मनाई गई जिसमें तमाम सामाजिक, राजनीतिक ओर चौधरी साहब के अनुयायी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने चौधरी साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की ओर उपस्थित समूह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के किसानों को सबसे बड़ा उपहार देने वाले चौधरी साहब थे जिन्होंने किसानों को भूमि का अधिकार दिया। चौधरी चरण सिंह बहु प्रतिभा के धनी थे वे किसान, अधिवक्ता, स्वतंत्रता सेनानी और राजनीतिज्ञ के साथ अर्थशास्त्री भी थे।
चौधरी चरण सिंह सच्चे, ईमानदार और देशभक्त थे लेकिन आज उनकी जयंती पर केन्द्र सरकार ने उन्हें भुलाते हुए अनदेखा किया है क्योंकि सूचना विभाग द्वारा कोई श्रद्धांजलि आज किसी भी राष्ट्रीय समाचार पत्र में ना छपना इस बात को साबित करता है कि यह सरकार आजाद भारत के सबसे महान किसान मसीहा को भुला देना चाहती है।
राजेन्द्र चौधरी ने युवाओं से चौधरी साहब के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। वरिष्ठ नेता इंद्रजीत सिंह यादव ने कहा कि चौधरी साहब किसान पिछड़ों दलितों और गरीबों के हक के लिए लड़ते रहे और इस ईमानदार नेता कोई दूसरा होना बहुत मुश्किल है।




















