मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अफजल मंगलौरी को उत्तराखंड गौरव सम्मान से नवाजा
रुड़की । मुख्य सेवक सदन (मुख्यमंत्री-आवास),देहरादून में सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा अंतरराष्ट्रीय शायर व कवि तथा उत्तराखंड उर्दू अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष अफजल मंगलौरी को राज्य का सबसे बड़ा उर्दू साहित्य का पुरस्कार “उत्तराखंड गौरव सम्मान,उनवान चिश्ती अवार्ड-2025” प्रदान किया गया।
शायर अफजल मंगलौरी की उर्दू साहित्य में दीर्घकालीन सेवाओं के फलस्वरूप एक लाख इक्यावन हजार रुपये,शाल,अवार्ड व सम्मान-पत्र भेंट कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अफजल मंगलौरी की साहित्यिक व सामाजिक सेवाओं को सराहा।इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण,अल्पसंख्यक कल्याण व भाषा मंत्री खजान दास, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल,विधायक सविता कपूर आदि मौजूद रहे।
निदेशक भाषा मायावती ढकरियाल ने कहा कि अफजल मंगलौरी ने देश-विदेश में उत्तराखंड का नाम रौशन किया है और उनकी हर विधा में आठ पुस्तकें आ चुकी हैं।अन्य भाषाओं में उत्तराखंड गौरव सम्मान-2025 पाने वाले साहित्यकारों में डॉ०जितेन ठाकुर,डॉ०बुद्धि नाथ मिश्र,डॉ०यशवंत कटोच,श्याम सिंह कुटेला,डॉ०प्रीतम सिंह व केसर सिंह राय आदि के नाम भी उल्लिखित हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ०सुशील कुमार उपाध्याय द्वारा किया गया।

