सीएम तीरथ सिंह रावत ने प्रेसवार्ता कर गिनाए सरकार के काम, शनिवार को कर सकते हैं इस्तीफे की घोषणा, बीजेपी विधायक दल की बैठक में भाजपा विधायकों को सुबह 11 बजे तक बैठक में पहुंचने के निर्देश दिए गए

देहरादून । उत्तराखंड में सियासी संकट के बीच सीएम तीरथ सिंह रावत की प्रेसवार्ता कर सबको चौंका दिया। अटकलें थीं कि सीएम तीरथ आज को प्रेसवार्ता में अपने पद से इस्तीफे की घोषणा कर सकते हैं। लेकिन इस दौरान उन्होंने बाकी किसी भी राजनीतिक मुुद्दे पर बोलने की बजाय अपनी सरकार के काम गिनाए। सूत्रों की मानें तो अब शनिवार को सीएम इस्तीफे की घोषणा कर सकते हैं। शनिवार को ही देहरादून में बीजेपी विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। सभी भाजपा विधायकों को 11 बजे तक बैठक में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने कोविड को लेकर राहत देने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, विद्यालयी शिक्षा, संस्कृति एवं सूचना और पर्यटन समेत कई क्षेत्रों में सहायता दी गई है। बड़ी संख्या में प्रदेश में रोजगार के लिए अवसर पैदा किए गए हैं। राजकीय विभागों में सीधी नियुक्ति के प्रयास किए गए हैं। कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क किताबें देने की योजना तैयार की गइ है। बता दें कि तीरथ सिंह रावत ने 10 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की थी। अपने 115 दिन के कार्यकाल के बाद आज ही उन्होंने दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से इस्तीफे की पेशकश की थी। सूत्रों के अनुसार तीरथ सिंह रावत ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को दिए खत में कहा है कि वे पार्टी के सामने कोई संकट नहीं पैदा करना चाहते हैं और इसलिए वे अपने पद से इस्तीफे की पेशकश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *