रुड़की में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रिफ्लेक्टर घोटाले के खिलाफ मौन धरना दिया, महानगर जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने भ्रष्टाचार में लिप्त विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
रुड़की। आज जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा रिफ्लेक्टर घपले को लेकर धरने पर बैठ गए। मौन धारण कर कांग्रेसियों ने गांधीगिरी तरीके से भ्रष्टाचार का विरोध जताया। भ्रष्टाचार में लिप्त विभाग का नाम उजागर किए जाने और उस पर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग उठाई। राजेंद्र चौधरी ने रुड़की की जनता से अपील करते हुए कहा कि जो भी भ्रष्टाचारी को बचाने वाले लोग हैं उनका मुंह बंद होना चाहिए।
बीएचएल तिराहा पहुंचकर कांग्रेसियों ने यहां लगे रिफ्लेक्टर का मीडिया को सबूत भी दिखाते हुए कहा कि यह रिफ्लेक्टर जो परसों तक सिर्फ 5 थे और आज पुनः नये रिफ्लेक्टर लगाने से यह बात साफ हो गई है कि भ्रष्टाचार हुआ है लेकिन रुड़की प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई तक नहीं हुई है और सारा तंत्र बचाने में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी जिम्मेदार है उसे बख्शा नहीं जाएगा और कांग्रेस पूरी ताकत से दोषी को सजा दिलाने का काम करेगा।
महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार तमाम सीमा पार कर गया है। ढाई सौ रुपए का रिफ्लेक्टर 25000 रुपए की खरीद का दिखाया जा रहा है। यह सार्वजनिक भ्रष्टाचार है, जो सबके सामने है। इससे भी बड़ी हैरानी अफसरों और सरकार की चुप्पी है। सरकार और सिस्टम का मौन इस लूट को समर्थन की गवाही देता है। कांग्रेस इस लूट का हर स्तर पर विरोध करेगी। जिलाध्यक्ष ने भ्रष्टाचार में लिप्त विभाग का नाम उजागर किए जाने और भ्रष्टाचार में शामिल लोगों पर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। कहा कि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा पैसा जनता के टैक्स का है। इस पैसे की बंदरबांट नहीं करने दी जाएगी। इस अवसर पर डॉ हरविंदर सिंह,युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओवेश अंसारी, भूषण त्यागी, अजय चौधरी, गुड्डू पार्षद, नीरज अग्रवाल, नावेद मलिक आदि मौजूद रहे।



