विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने सीएम धामी से उत्तराखंड में राजस्व पुलिस की व्यवस्था को खत्म करने की मांग की

देहरादून । अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने उत्तराखंड में राजस्व पुलिस की व्यवस्था को तत्काल खत्म करने की मांग की। उन्होंने राजस्व इलाके में रेगुलर पुलिस बल के थाने स्थापित करने का आग्रह किया है। विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर यह मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज भी कई क्षेत्रों में राजस्व पुलिस व्यवस्था जारी है, जिससे कानून व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी हो सकती है।कहा कि आज के आधुनिक युग में जहां सामान्य पुलिस विभाग में पूरे देश में एक राज्य से दूसरे राज्य में पीड़ित जीरो एफआईआर दर्ज कराकर अपनी शिकायत पंजीकृत करा सकता है। वहीं ऋषिकेश शहर से मात्र 15 किमी की दूरी पर राजस्व पुलिस, जिसके पास आधुनिक हथियार तथा जांच हेतु किसी भी प्रकार का प्रशिक्षण प्राप्त नहीं है। वे जांच कर रहे है। यह जानकर अत्यन्त ही पीड़ा होती है। खंडूड़ी का कहना था कि यदि गंगा भोगपुर में सामान्य पुलिस बल कार्य कर रहा होता, तो निश्चित रूप से प्रदेश की बेटी अंकिता आज हमारे मध्य होती और आम जनता में सरकारी कार्यप्रणाली के प्रति इतना रोष व्याप्त नहीं होता। उन्होंने तत्काल प्रभाव में राजस्व पुलिस की व्यवस्था को समाप्त कर पुलिस चौकी एवं थाना स्थापित करने का मुख्यमंत्री से आग्रह किया, जिससे भविष्य में इस प्रकार की अप्रिय घटना दुबारा घटित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *