जिलाधिकारी और विधायक ने गंगोरी–अग़ोडा मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण, जल्द से जल्द मार्ग पर शुरू करे सुधारीकरण और सुरक्षात्मक कार्य : डीएम

उत्तरकाशी । जिले में सड़क निर्माण कार्यों की धीमी गति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने बुधवार देर शाम पीएमजीएसवाई के अंतर्गत 26 किलोमीटर लंबे गंगोरी-गजोली-नौगांव-भंकोली-अगोड़ा मोटरमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।

ग्रामीणों द्वारा मोटरमार्ग के सुधारीकरण और मरम्मत कार्य के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया था जिसका संज्ञान लेकर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्या को सुना तथा मौके पर ही पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता हरीश बिजलवाण को सड़क सुधारीकरण का कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू करने के निर्देश दिये। साथ ही सड़क सुधारीकरण के दौरान जल निकासी का उचित प्रबंधन करने और सड़क के स्लोप को वैज्ञानिक तरीके से ठीक करने पर विशेष ध्यान दिये जाने के स्पष्ट निर्देश दिये ताकि आगे चलकर क्षेत्र के ग्रामीणों को किसी प्रकार की समस्या न हो।

जिलाधिकारी ने भू-धंसाव और भू–स्खलन के कारण संकरे हो चुके स्थानों को चिह्नित कर वहां सुधारात्मक कार्य गुरुवार से ही शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर वायर क्रेट और फ्लड प्रोटेक्शन का कार्य जल्द से जल्द शुरू कर दिया जाए, ताकि मार्ग को सुरक्षित और आवाजाही योग्य बनाया जा सके।

गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग पर अक्सर होने वाले भूस्खलन और स्लिप की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां ड्रेनेज की उचित व्यवस्था की जाये ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी की निगरानी में वायर क्रेट, सुरक्षात्मक कार्य और जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए डीडीएमओ और ईई सिंचाई को संयुक्त निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।

इस दौरान उपजिलाधिकारी भटवाड़ी शालिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, ईई पीएमजीएसवाई हरीश बिजल्वाण सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *