सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाई दीपावली, ‘एक दीप शहीदों के नाम’ कार्यक्रम के तहत वीर जवानों को किया नमन

हरिद्वार । सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, भेल, रानीपुर में आज दीपावली का पर्व अत्यंत उत्साह और देशभक्ति के माहौल के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘एक दीप शहीदों के नाम’ रहा, जिसके तहत देश के वीर सपूतों को याद करते हुए दीप प्रज्वलित किए गए।

​कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों और विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल द्वारा माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सुंदर गीत और प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय की शिक्षिका प्रियंका पटवाल ने 9 नवंबर को होने वाले उत्तराखंड स्वाधीनता दिवस के बारे में अपने विचार प्रस्तुत किए, कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती नेहा जोशी द्वारा किया गया।


​इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष शिवशंकर जायसवाल, प्रबंधक अजय शर्मा, कोषाध्यक्ष रोहित भाटिया, इंद्रदेव सिंह, पूर्व कोषाध्यक्ष भगवा शरण, पूर्व समिति सदस्य अनुज शर्मा व अरुण कुमार, शेर सिंह राणा, महेश चंद्रकला, बलदेव सिंह रावत, संगीता भाटी, और डॉ. प्रियंका शर्मा सहित कई गणमान्य समिति सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने सभी आंगतुक अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया।
​दीपावली और उत्तराखंड की स्वाधीनता के गौरवशाली इतिहास का संगम
विद्यालय के अध्यक्ष शिवशंकर जायसवाल ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अपने द्वारा रचित एक सुंदर कविता सुनाई, जिससे पूरा प्रांगण दीपमय और काव्यात्मक हो उठा। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर के अंधकार को मिटाकर समाज में सकारात्मकता और राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने का अवसर है। विद्यालय के प्रबंधक अजय शर्मा ने भी सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और बच्चों को देश के पर्वों को सनातनी संस्कृति के साथ जोड़ने का संदेश दिया।
​इस पावन अवसर पर प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने उत्तराखंड के स्वाधीनता संग्राम और राज्य के वीरों के योगदान को याद करते हुए कहा कि जैसे दीपावली असत्य पर सत्य और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है, वैसे ही हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों का संघर्ष भी देशवासियों के जीवन में स्वतंत्रता का प्रकाश लेकर आया था। उत्तराखंड की पावन भूमि ने देश की रक्षा में हमेशा से अपनासर्वस्व न्योछावर किया है। आज ‘एक दीप शहीदों के नाम’ जलाकर हमने न केवल दीपावली का आनंद लिया है, बल्कि उन अमर जवानों को भी नमन किया है जिनके कारण आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं और अपने पर्वों को हर्षोल्लास के साथ मना पा रहे हैं।
​कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाइयां दीं और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *