आज रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक Earth Hour, लोगों से अपने घर की लाइटें बंद रखने की अपील
नई दिल्ली । भारतीय समय के अनुसार आज रात 8:30 बजे पूरी दुनिया में अर्थ ऑवर (Earth Hour) मनाया जाएगा। इस दौरान उर्जा सरंक्षण का संदेश देने के लिए दुनियाभर के लोग एक घंटे तक अपने घर और दफ्तर में गैर जरूरी लाइटों को बंद रखेंगे। हर साल मार्च के आखिरी शनिवार को दुनियाभर में उर्जा संरक्षण का संदेश देने के लिए अर्थ ऑवर मनाया जाता है। अर्थ ऑवर के जरिए दुनियाभर के लोग पर्यावरण संरक्षण और उर्जा की बचत जैसी मुहिम में शामिल होते हैं। लोगों को पर्यावरण का संरक्षण और उन्हें उर्जा की सही खपत के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से अर्थ ऑवर मनाया जाता है।
इस मुहिम की शुरूआत साल 2007 में ऑस्ट्रेलिया के शहर सिडनी से हुई थी। साल 2008 में 35 देशों ने अर्थ ऑवर मनाना शुरू किया और अब दुनिया के 190 देशों में अर्थ ऑवर मनाया जाता है। अर्थ ऑवर मनाने के पीछे उद्देश्य दुनिया को पर्यावरण के बारे में जागरूक करने और उसका संरक्षण करने के साथ-साथ पर्यावरण को बचाने के लिए साथ लाना है। स्थानीय समय के अनुसार दुनिया के कई देशों में अर्थ ऑवर शुरू भी हो चुका है। अर्थ ऑवर के आधिकारिक ट्विटर हेंडल पर जापान और साउथ कोरिया की तस्वीरें साझा की गई है जहां लोग बत्तियां बंद कर उर्जा बचाने की मुहिम अर्थ ऑवर में शामिल हो रहे हैं। भारत में साल 2009 से अर्थ ऑवर मनाया जा रहा है। भारत के 58 शहरों में लोग लाइट बंद कर अर्थ ऑवर मुवमेंट को सपोर्ट करते हैं। इस दौरान स्कूल-कॉलेज, सिलेब्रिटी, नेता और आम लोग अपने घर की लाइट बंद कर इस वैश्विक कैंपेन का हिस्सा बनते हैं।