पेट्रोल पंप से लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, चार फरार, गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू
भगवानपुर । पुहाना-इकबालपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप से लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दस हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इस मामले के चार आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।थाना परिसर में एसपी देहात परमेंद्र डोबाल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 18 अप्रैल की शाम बाइक पर कई युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। दो युवकों ने मैनेजर के केबिन में घुसकर तमंचा लहराकर नगदी और ग्राहकों के मोबाइल लूट लिए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस तथा बाइक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपने नाम आशीष दिवाकर निवासी गौतम कॉलोनी थाना नरेला दिल्ली, सलमान निवासी गली नंबर 9 गौतम कॉलोनी थाना नरेला दिल्ली, आकाश निवासी गौतम कॉलोनी गली नंबर 14 नरेला दिल्ली, शिव कुमार उर्फ मोनू निवासी नरेला दिल्ली बताया।पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के घटना में शामिल होने की बात कही। इस पर पुलिस ने राजा निवासी सेक्टर ए 5 पॉकेट 14 नरेला दिल्ली, संदीप निवासी मऊ खरी औरैया देह साफ़िल पट्टी जिला प्रतापगढ़, मोंटू निवासी मेरठ और पतलू निवासी मेरठ के नाम भी मामला दर्ज कर टीम गठित कर गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।

