कांग्रेस ने पंचायत चुनाव पर सरकार को घेरा, कहा हार के डर के कारण चुनाव नहीं करा रही है भाजपा सरकार
रूड़की। जिला पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जानबूझकर हरिद्वार जिले के पंचायत चुनाव को लगातार टाल रही है। चुनाव नहीं होने के कारण जिले का विकास रुका हुआ है। अगर भाजपा सरकार ने जल्द चुनाव नहीं करवाए तो वह आंदोलन करेंगे और कोर्ट जाने से भी पीछे नही हटेंगे।
आदर्शनगर में पत्रकार वार्ता में निवर्तमान जिंप अध्यक्ष सुभाष वर्मा ने कहा हरिद्वार जिले में 306 ग्राम सभाएं प्रतिनिधि विहीन हैं। पिछले एक वर्ष से जिले में न कोई प्रधान है, न क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य है। प्रतिनिधि न होने के कारण विकास कार्य तो ठप हैं ही साथ ही समाज के कार्यों के लिए भी लोग परेशान हैं। इस दौरान जिला पंचायत के पूर्व सदस्य मुकर्रम अंसारी, पूर्व राज्यमंत्री डॉ. गौरव चौधरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बरखा रानी, प्रदेश महासचिव कांग्रेस ऋषिपाल बालियान, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य विजयपाल, सुखमिंदर वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।