हनुमान चालीसा का पाठ करने से हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है: भगवती प्रसाद
भगवानपुर । कस्बे के शाकुंभरी देवी मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के ब्लॉक मंत्री भगवती प्रसाद ने कहा कि हनुमान चालीसा का पाठ करने से हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। हनुमान जी इस कलयुग में जागृत देव हैं। जिस व्यक्ति पर हनुमान जी की कृपा हो जाती है उसको किसी भी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता है। रोजाना हनुमान चालीसा का पाठ करने से सभी तरह की मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। किसी भी तरह की परेशानी क्यों न हो, हनुमान चालीसा का पाठ करने से परेशानी दूर हो जाती है। हनुमान जी भगवान श्री राम के सबसे बड़े भक्त हैं। बिना हनुमान जी के आज्ञा के भगवान राम और माता सीता के दर्शन भी नहीं हो सकते हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष अकुंश पंडित, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष संजय बजरंगी, अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला महामंत्री राज किशोर वर्मा, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।

