कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, आरोपियों के कब्जे से एक गाड़ी और 222 पेटी देशी शराब बरामद
पिरान कलियर । पुलिस ने इमलीखेड़ा क्षेत्र में अवैध शराब की बड़ी खेप का खुलासा करते हुए 222 पेटी (लगभग 10,000 टेट्रा पैक) मसालेदार देशी शराब और एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी बरामद की है। मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। जबकि ठेका स्वामी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी उमेश कुमार टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में अवैध शराब भरकर इमलीखेड़ा स्थित देशी शराब के ठेके पर उतारी जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शराब की पेटियों से भरी पिकअप और चालक को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में पकडे गए चालक ने अपना नाम शाहनवाज उर्फ शानू पुत्र अकील अहमद निवासी पाडली गुर्जर थाना गंगनहर हरिद्वार बताया। उसने कबूल किया कि यह शराब तेज्जुपुर ठेके की है, जिसे ठेका मालिक के कहने पर इमलीखेड़ा ठेके पर उतारा जा रहा था। वहीं ठेके पर मौजूद सेल्समैन ने अपना नाम रजत पुत्र यशपाल सिंह निवासी मोहम्मदपुर (लक्सर) बताया।पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।वही ठेका मालिक मौके से फरार हो गया। चालक ने बिल और परमिट दिखाए जिनमें शराब तेज्जुपुर ठेके के लिए दर्ज थी, ठेके मालिकों की मिलीभगत से मौके पर इसे चोरी-छिपे इमलीखेड़ा ठेके पर उतारा जा रहा था। पुलिस ने मौके पर ही 222 पेटियों में रखे 10,000 टेट्रा पैक जब्त किए। एक पेटी खोलकर जांच की गई तो उसमें 45 टेट्रा पैक मसालेदार देशी शराब मिली।पुलिस इमलीखेड़ा ठेके के मालिक समेत अन्य लोगो की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक ठेकेदारों की मिलीभगत से यह शराब अवैध रूप से लाई गई थी। फरार ठेका मालिक की तलाश की जा रही हैं।टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार,इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी उमेश कुमार,संजय रावत, भूपेंद्र कुमार, मनोज कुमार आदि शामिल रहे।

