आगामी कांवड़ मेले के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने मां चंडी देवी मंदिर का किया स्थलीय निरीक्षण, सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, चंडी मंदिर परिसर, पैदल मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के दिए निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को मां चंडी देवी मंदिर परिसर एवं मंदिर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई, सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं मंदिर समिति के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, पैदल मार्ग, सीढ़ियों, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बनी रहनी चाहिए तथा कूड़ा-करकट का समय-समय पर निस्तारण किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मंदिर परिसर एवं मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन तथा आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कर उन्हें पूर्ण रूप से दुरुस्त रखने तथा सुरक्षा संबंधी सभी उपकरणों को सक्रिय अवस्था में रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं मंदिर मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न होने दिया जाए। यदि कहीं भी अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से उसे हटाते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *