नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित, सरकारी योजनाओं के लाभ से स्वावलंबी बने महिलाएं , सशक्त महिला से ही समृद्ध जनपद की संकल्पना संभव: जिलाधिकारी
उत्तरकाशी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद में महिला सशक्तिकरण की थीम पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर नारी शक्ति के योगदान को नमन किया गया। इस अवसर पर नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रोबेशन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य महिला सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र उपस्थित रहे । इस दौरान जनपद की उन प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अमूल्य पहचान बनाई है। सम्मानित होने वालों में जनपद की प्रथम महिला ग्राम प्रधान माहेश्वरी भट्ट (समाज सेवा व पर्यावरण संरक्षण), पंचामृत प्रसाद के माध्यम से स्वरोजगार की मिसाल पेश करने वाली गायत्री देवी सेमवाल (उद्यमिता व स्वरोजगार), तिलु रौतेली पुरस्कार से सम्मानित सुलोचना गौड़ (कृषि, उद्यानिकी,पशुपालन) तथा श्रीमती सुराजी देवी (जन स्वास्थ्य ,समाज सेवा) शामिल रहीं। इन विभूतियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा आज की महिलाएं अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से हर बाधा को पार कर रही हैं। हमारे जनपद की ये मातृशक्ति चाहे वह खेती-किसानी हो स्वरोजगार हो या सामाजिक नेतृत्व हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर की महिला तक पहुंचे ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज को नई दिशा दे सकें तथा हर महिला सशक्त और जनपद समृद्ध बनें।
एडीएम मुक्ता मिश्र ने भी महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने हेतु प्रोत्साहित किया।
समारोह के दौरान महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रेरणादायी गीत और अभिनय की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। मंच का कुशल संचालन संसद में भाषण देने वाली स्वाती नौटियाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित भारी संख्या में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण और समाज में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी यशोदा बिष्ट, जिला प्रोबेशन अधिकारी शोयब हुसैन, बीईओ हर्षा रावत, अजीमजी प्रेमजी फाउंडेशन से खजान दास सहित अन्य उपस्थित रहे ।

