धर्मनगरी में बैसाखी पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी, गंगा घाटों पर सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचने लगे थे
हरिद्वार । हरिद्वार में बैसाखी स्नान पर्व पर इस बार लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पर डुबकी लगाई। कोरोना काल के दो वर्ष बाद इस बार बिना पाबंदी के स्नान होने के चलते देश के कोने-कोने से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। गंगा घाटों पर सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचने लगे थे। बैसाखी स्नान पर्व के लिए बुधवार रात से ही जत्थों में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। गुरुवार सुबह से ही हरकी पैड़ी समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगानी शुरू कर दी। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा की पूजा-अर्चना कर सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति की कामना की। सुबह से ही हरकी पैड़ी गंगा घाट के अतिरिक्त मालवीय घाट, नाइसोता घाट, सुभाष घाट पर भी श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाते रहे। इसके अलावा बिरला घाट, सतनाम साक्षी घाट, प्रेमनगर घाट, गोविंद घाट, गणेश घाट पर भी श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। हरिद्वार में सैकड़ों आश्रमों में श्रद्धालुओं ने डेरा डाला हुआ था। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के सामूहिक भोज के लिए भंडारे का आयोजन किया गया था। विभिन्न प्रांतों से आए लोगों ने गंगा स्नान करने के बाद अपने-अपने आध्यात्मिक गुरुओं के यहां जाकर आशीर्वाद लिया।



